बुलंदशहर:- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।जहां पर कब्र खोदकर एक चार साल के बच्चे के शव को निकाल लिया गया, यह मामला खानपुर थाना क्षेत्र के थोना गांव का है।
यहां पर कब्रिस्तान में एक बच्चे का शव बुधवार शाम दफनाया गया था जो अब गायब हो गया है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि तंत्र मंत्र के लिए शव को कब्र से निकाला गया है. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
4 साल के बच्चे का शव कब्र से गायब-
बुलंदशहर के गांव थोना में एक 4 साल का बच्चा पिछले एक हफ्ते से बीमार चल रहा था उसे तेज बुखार और अन्य बीमारी की भी शिकायत थी। लेकिन इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने उसके शव को गांव के कब्रिस्तान में दफनाया, बृहस्पतिवार की सुबह जब परिजन कब्र पर गये तो उन्होंने देखा कि कब्र में से बच्चे का शव गायब है। यह देखते ही मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गये।
परिजनों ने शव को कब्रिस्तान में और दूसरी जगहों पर तलाश किया। लेकिन कुछ पता नहीं चला फिर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कब्रिस्तान से शव गायब करने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और परिजनों को आशंका है कि मासूम का शव तंत्र मंत्र की क्रिया को करने के लिए कब्र से गायब किया गया है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।